नये साल, अलग अंदाज

नये साल का स्वागत पूरी दुनिया में जोर-शोर के साथ किया जाता है। नया साल अपने साथ सुख-समृद्घि लाये- इसके लिए हर देश के अपने तरीके हैं, जिनका वह पालन करते हैं। आइये, जानते हैं कि विभिन्न जगहों पर नये साल के स्वागत में को कुछ होता है –

इंग्लैंड: यहॉं के निवासियों की मान्यता है कि नये साल का गुडलक साइन, घर पर आने वाले पहले मेहमान के हाथ में होता है। इनके अनुसार नये साल में घर में आने वाला पहला सदस्य पुरुष होना चाहिए, जिसके हाथों में कुछ गिफ्ट भी होना चाहिए। दूसरी बात- यह मेहमान आयेगा तो सामने के दरवाजे से, पर वापस जाएगा पिछले दरवाजे से। ऐसा होने पर सौभाग्य की वृद्घि होती है। अगर मेहमान अनचाहा या बिना गिफ्ट के हो, तो उसे घर के भीतर आने की अनुमति नहीं होती।

वेल्स: वेल्स के निवासी साल के अंतिम दिन मध्य रात्रि के पहले पहर कुछ क्षण के लिए पिछला दरवाजा खोलकर, बीते साल की सारी बुरी घटनाएँ-यादें घर से बाहर निकालकर, वह दरवाजा बंद कर देते हैं। नया साल लगते ही घर के सामने का दरवाजा खोल देते हैं, ताकि सुख, शांति, समृद्घि लेकर नया साल घर के भीतर प्रवेश कर सके।

हेती:  हेती के लोगों में नये साल के दिन नये कपड़ों के साथ अपने गिफ्ट बदलने की परंपरा है। इनका मानना है कि ऐसा करना उनके जीवन के लिए शुभ और श्रेयस्कर होता है।

स्पेन: स्पेनवासी नये साल का स्वागत मध्य रात्रि के पहले पहर, बारह अंगूर के दाने चखकर करते हैं। इनका मानना है कि ऐसा करने से आने वाले साल के बारह महीने अपने साथ सुख-समृद्घि व शांति लेकर आएँगे।

पेरू: स्पेन के लोग जहॉं नये साल का स्वागत बारह अंगूर को चखकर करते हैं, वहीं पेरू के लोग तेरह अंगूर के दाने के साथ नये साल का स्वागत करना शुभ मानते हैं।

जापान: जापानियों में इस दिन घर को तरह-तरह के लकी गुडसाइन से सजाने की परंपरा है। इसके साथ ही यहॉं ऐसी मान्यता है कि पाइन ब्रांच के बने सामानों को रखने से नया साल शुभ रहता है।

चीन: चीन में नये साल का स्वागत घर के सारे सामने के दरवाजों पर लाल रंग पेंट करके होता है। लाल रंग गुडलक तथा नये साल की खुशियॉं लाने वाला माना जाता है। इस दिन पूरे परिवार के लिए मांस पकाया जाता है तथा घर के हर सदस्य को नये साल के स्वागत के साथ ही इसका स्वाद चखना होता है।

अमेरिका : यहॉं पर नये साल का स्वागत कुछ अलग, ़खास अंदाज में होता है। इसका स्वागत लोग एक-दूसरे को चुंबन देकर करते हैं।

– कीर्ति

You must be logged in to post a comment Login