ढेंचूँ जी तुम्हारे कितने नाम हैं?

दोस्तों, गधा एक ऐसा जानवर है जिसके अंग्रे़जी में तीन नाम हैं- डोंकी, ऐस और बर्रो । लेकिन यह जैकऐस क्या है?

दरअसल, नर गधे को जैकऐस कहते हैं और मादा को जैनिट । तुम्हें मालूम होना चाहिए कि पालतू जानवरों में गधा सबसे पुराना जीव है। इसे 5000 वर्ष से भी अधिक पहले पालतू बनाया गया था। इंसान के लिए यह बहुत ही उपयोगी जानवर है, इसलिए यह दुनियाभर में फैल गया। गधे की बहुत-सी किस्में भी होती हैं। मसलन, सोमाली वाइल्ड ऐस जो सोमालिया व अफ्रीका के अन्य हिस्सों में पाया जाता है, वह 5 से 20 के झुंड में रहता है। यह रेगिस्तान की सूखी घास व झाड़ियां खाता है। देशज लोग इसका शिकार नहीं करते, लेकिन अन्य करते हैं, उसके गोश्त, खाल के लिए या जीवित एक्सपोर्ट करने के लिए। आज यह लुप्तप्राय जानवर है। कुछ जंगली गधे एशिया में भी रहते हैं। सीरियन गधा जो एक समय में सीरिया व अन्य मध्यपूर्व हिस्सों में पाया जाता था, अब लुप्त हो गया है। गधा रेगिस्तानी जानवर है और कई दिन तक बिना पानी के रह सकता है। बच्चे को जन्म देने पर वह बड़े झुंडों में एकत्र हो जाते हैं, लेकिन जल्द ही छोटे टुकड़ों में टूटकर दूर तक फैल जाते हैं।

सवाल है, आज का गधा इनमें से किसका वंशज है? यह उत्तर-पूर्व अफ्रीका के नुबियन वाइल्ड ऐस का वंशज है, जो नील दरिया से लेकर लाल सागर तक किसी जमाने में फैला हुआ था। दुनियाभर के ज्यादातर जंगली गधों को मार दिया गया है। जो कुछेक बचे हैं, उन्हें सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। आज भी मैक्सिको और केन्द्रीय अमेरिका में गधा यातायात का साधन है, घोड़े या मोटरकार की जगह। अपने देश में भी गधे का इस्तेमाल, कम से कम ग्रामीण क्षेत्रों में ईंट ढोने के लिए अब भी जारी है।

You must be logged in to post a comment Login